
डिजिटल डेस्क, बीजिंग। चीन के शेनझेन शहर में एक 32 वर्षीय युवा, झांग शियाओकियाओ ने पीठ खुजलाने की एक साधारण सी जरूरत को एक बेहद सफल बिजनेस मॉडल में बदल दिया है। 'सुमा' नाम से शुरू की गई इस अनोखी सर्विस के तहत लोग अब अपने शरीर और पीठ की खुजली शांत करवाने के साथ-साथ तनाव से राहत पाने के लिए प्रोफेशनल की सेवाएं ले रहे हैं।
दक्षिण चीन के प्रमुख अखबार 'साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट' के अनुसार, सुमा के आउटलेट्स का माहौल किसी प्रीमियम मसाज पार्लर या स्पा जैसा होता है। यहां ग्राहकों को बेड पर आराम से लिटाया जाता है, जिसके बाद ट्रेंड थेरेपिस्ट विशेष रूप से तैयार किए गए एक्यू-नेल्स (नुकीले आर्टिफिशियल नेल्स) की मदद से शरीर के प्रभावित हिस्सों को धीरे-धीरे सहलाते और खुजलाते हैं।
इस रिलैक्सेशन थेरेपी की कीमत लगभग 4,200 रुपये प्रति घंटा रखी गई है। इसे केवल खुजली मिटाने का जरिया न मानकर गहरे मानसिक तनाव को कम करने, शरीर को आराम देने और बेहतर नींद लाने के एक कारगर उपाय के रूप में पेश किया जा रहा है। थेरेपी के दौरान ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से बॉडी पार्ट्स और प्रेशर पॉइंट चुन सकते हैं। मेट्रो शहरों के भागदौड़ भरे जीवन में तनावग्रस्त लोगों के बीच यह सर्विस तेजी से लोकप्रिय हो रही है।
झांग ने इस साल मई में शेनझेन के बाओआन क्षेत्र में अपना पहला केंद्र शुरू किया था। भारी मांग को देखते हुए उन्होंने जल्द ही फुटियान जिले में दूसरी शाखा खोल दी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों आउटलेट्स से हर महीने लगभग 14 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हो रहा है और बिजनेस 'नो-प्रॉफिट, नो-लॉस' स्तर को पार कर मुनाफे की स्थिति में आ चुका है।
इस अनोखे उद्यम का ख्याल झांग को एक वायरल सोशल मीडिया वीडियो और अपनी पुरानी यादों से मिला। उन्होंने एक वीडियो देखा जिसमें एक महिला अपने पति की पीठ सहला रही थी, और उसके कमेंट सेक्शन में ढेरों लोगों ने लिखा था कि वे इस सेवा के लिए भुगतान करने को तैयार हैं। इससे झांग को अपने बचपन की याद आई, जब उनके पिता उन्हें सुलाने के लिए प्यार से उनकी पीठ खुजलाया करते थे। इससे पहले झांग ने क्रॉस-बॉर्डर ई-कॉमर्स और सोशल मीडिया के क्षेत्र में काम किया था, लेकिन इस लीक से हटकर विचार ने उन्हें असली सफलता दिलाई।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान में 100 साल पुराना हिंदू मंदिर ध्वस्त... हिंदू समुदाय में भारी आक्रोश, पुनर्निर्माण की उठी मांग
इंटरनेट पर 'प्रोफेशनल स्क्रैचिंग' को एक वास्तविक करियर के रूप में देखे जाने पर चर्चा जारी है। वहीं, झांग अपनी योजना को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। उनका लक्ष्य पूरे चीन में 'सुमा' के 100 से अधिक आउटलेट खोलना और इस अनूठी थेरेपी को एक स्थापित वेलनेस इंडस्ट्री का दर्जा दिलाना है।