
डिजिटल डेस्क। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के संबंधों में तनाव बढ़ने की खबरें सामने आई हैं। मीडिया आउटलेट 'एक्सियोस' की एक रिपोर्ट के अनुसार, लेबनान में इजरायल की बढ़ती सैन्य कार्रवाई को लेकर ट्रंप ने नेतन्याहू से फोन पर कड़ी नाराजगी जताई।
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के साथ जारी शांति वार्ता में आई रुकावट के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप लेबनान और इजरायल के बीच संघर्ष विराम बनाए रखने के प्रयासों में जुटे हुए हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने प्रधानमंत्री नेतन्याहू से बातचीत की और लेबनान में सैन्य हमलों को रोकने पर जोर दिया।
'एक्सियोस' ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से दावा किया कि बातचीत के दौरान ट्रंप ने नेतन्याहू को कड़े शब्दों में अपनी नाराजगी जाहिर की। रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप ने इजरायली प्रधानमंत्री को क्षेत्रीय हालात को और अधिक न बिगाड़ने की सलाह दी।
इस घटनाक्रम से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि उन्होंने इजरायल और लेबनान के बीच संघर्ष विराम बनाए रखने के लिए कई स्तरों पर बातचीत की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उनकी प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ सार्थक चर्चा हुई।
ट्रंप के अनुसार, बातचीत के बाद बेरूत में किसी भी अतिरिक्त सैन्य तैनाती की योजना को रोक दिया गया और जो सैनिक रास्ते में थे, उन्हें भी वापस बुला लिया गया।
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि उच्च स्तरीय प्रतिनिधियों के माध्यम से उनकी हिजबुल्लाह के साथ भी सकारात्मक बातचीत हुई। उनके मुताबिक, दोनों पक्षों ने गोलीबारी पूरी तरह बंद करने पर सहमति जताई है।
ट्रंप ने कहा कि इस समझ के तहत इजरायल हिजबुल्लाह पर हमला नहीं करेगा और हिजबुल्लाह भी इजरायल के खिलाफ किसी प्रकार की सैन्य कार्रवाई नहीं करेगा। अमेरिका की कोशिश है कि क्षेत्र में तनाव कम हो और संघर्ष विराम लंबे समय तक कायम रहे।