
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। टेस्ला कंपनी के मालिक इलॉन मस्क का उनकी भारतीय मूल की गर्लफ्रेंड शिवॉन जिलिस से ब्रेकअप हो गया है। दोनों के 4 बच्चे हैं।
शिवॉन जिलिस ने मस्क के साथ ब्रेकअप होने की पुष्टि खुद की है। उन्होंने शुक्रवार को X पर पोस्ट करके बताया कि मस्क ने एक हफ्ते पहले ही 'आई लव यू' कहा था और फिर अचानक ब्रेकअप कर लिया।

जिलिस ने कहा- "मैं इस ब्रेकअप से दुखी हूं, लेकिन मस्क की अब भी बहुत परवाह करती हूं। मैं चाहूँगी कि वे हमेशा खुश रहें। मुझे उम्मीद है कि हम दोनों आगे भी अच्छे दोस्त रहेंगे और अपने बच्चों की साथ में परवरिश करेंगे।"
शिवॉन और मस्क के 4 बच्चे हैं। मस्क ने 2021 में जुड़वां बच्चों स्ट्राइडर और एज्योर के जन्म की जानकारी दी थी, जबकि बेटी अर्काडिया का जन्म 2024 में हुआ था।
इसके बाद जिलिस ने 28 फरवरी 2025 को चौथे बच्चे सेल्डन लाइकर्गस के जन्म की जानकारी दी थी। बता दें कि सेल्डन इलॉन मस्क का 14वाँ बच्चा है।
इलॉन मस्क 2 शादियां कर चुके हैं। जस्टिन विल्सन और तालुलाह रिले उनकी पत्नियाँ थीं।
1990 में कनाडा की क्वीन्स यूनिवर्सिटी में मस्क की मुलाकात जस्टिन विल्सन से हुई थी। दोनों ने कई साल डेटिंग करने के बाद जनवरी 2000 में शादी की।
2002 में उनके पहले बेटे का जन्म हुआ, लेकिन 10 हफ्ते में ही इन्फेंट डेथ सिंड्रोम से उसकी मौत हो गई। इसके बाद 2004 में कपल ने IVF के जरिए जुड़वाँ बच्चों विवियन और ग्रिफिन का स्वागत किया। इसके बाद फिर 2006 में तीन बच्चे काई, सैक्सन और डेमियन भी IVF से हुए। 2008 में दोनों का तलाक हो गया।
2008 में मस्क ने ब्रिटिश एक्ट्रेस तालुलाह रिले को डेट करना शुरू किया, दोनों ने 2010 में शादी की और 2012 में तलाक हो गया। 2013 में दोनों ने दोबारा शादी कर ली। 2014 में तालुलाह ने फिर से दूसरी बार तलाक की अर्जी दायर की, लेकिन अगले साल इसे वापस ले लिया।
मार्च 2016 में तालुलाह ने तीसरी बार तलाक की अर्जी दायर की और तब जाकर दोनों का तलाक हो गया।
इसके बाद मस्क कई लोगों के साथ रिश्ते में आए, जिसने खूब चर्चा बटोरी।
मस्क ने हॉलीवुड एक्ट्रेस एम्बर हर्ड को 2016-2017 में डेट किया।
इलॉन मस्क और सिंगर ग्रिम्स ने अप्रैल 2018 में डेटिंग शुरू की। मई 2020 में कपल का पहला बच्चा हुआ। 2021 में सरोगेसी के जरिए बेटी एक्सा डार्क साइडरेल हुई और फिर 2022 में दोनों अलग हो गए।
इसके बाद इलॉन मस्क का शिवॉन जिलिस के साथ रिश्ता सामने आया और अब इनका भी ब्रेकअप हो गया है।