डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अटलांटिक महासागर में केप वर्डे के पास मौजूद एक लग्जरी क्रूज शिप पर हंटावायरस संक्रमण के मामले सामने आने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है। जहाज पर सवार क्रू में दो भारतीय सदस्य भी शामिल हैं। अब तक संक्रमण के पांच मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जबकि तीन लोगों की मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार, ओशनवाइड एक्सपीडिशंस का यह लग्जरी क्रूज शिप 1 अप्रैल को अर्जेंटीना के उशुआइया (Ushuaia) से रवाना हुआ था। जहाज के 10 मई तक स्पेन के कैनरी आइलैंड पहुंचने की संभावना है।
28 देशों के यात्री और क्रू सदस्य थे सवार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 10 अप्रैल को यात्रा के दौरान इस क्रूज पर करीब 150 यात्री और क्रू सदस्य मौजूद थे, जो 28 अलग-अलग देशों से थे। हालांकि 24 अप्रैल को कई यात्री सेंट हेलेना (St Helena) द्वीप पर उतर गए थे। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, जहाज पर 38 लोग फिलीपींस, 31 यूनाइटेड किंगडम, 23 अमेरिका, 16 नीदरलैंड, 14 स्पेन, 9 जर्मनी, 6 कनाडा और 2 भारत से थे।
WHO ने पांच मामलों और तीन मौतों की पुष्टि की
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने गुरुवार को हंटावायरस के आठ संदिग्ध मामलों में से पांच की पुष्टि की। संक्रमण से 69 वर्षीय डच महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति और एक जर्मन महिला की भी जान चली गई।
WHO की संक्रामक रोग विशेषज्ञ मारिया वैन केरखोव (Maria van Kerkhove) ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि यह स्थिति कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी की शुरुआत नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हंटावायरस मुख्य रूप से संक्रमित व्यक्ति के नजदीकी और सीधे संपर्क से फैलता है, इसलिए इसके व्यापक स्तर पर फैलने की आशंका फिलहाल कम है।