अंधाधुंध गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला होंडुरास, दो अलग-अलग हमलों में 6 पुलिसकर्मियों समेत 25 लोगों की हत्या
मध्य अमेरिकी देश होंडुरास का तटीय इलाका गुरुवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। दो अलग-अलग हिंसक वारदातों में बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर क ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 22 May 2026 01:46:01 PM (IST)Updated Date: Fri, 22 May 2026 01:47:17 PM (IST)
होंडुरास के तटीय इलाकों में दो अलग-अलग हमले में 25 लोगों की मौत (फोटो: पीटीआई)HighLights
- होंडुरास के तटीय क्षेत्रों में दो बड़े हमले
- 6 पुलिसकर्मियों सहित 25 की मौत
- पुलिस टीम पर घात लगाकर गोलाबारी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य अमेरिकी देश होंडुरास का तटीय इलाका गुरुवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। दो अलग-अलग हिंसक वारदातों में बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर कम से कम 25 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। मृतकों में छह पुलिस अधिकारी और 19 खेतिहर मजदूर शामिल हैं। इन घटनाओं ने देश में पैर पसार चुके अपराध और मानवाधिकारों के संकट को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
बागान में 19 मजदूरों का नरसंहार
पहली दर्दनाक घटना उत्तरी होंडुरास के ट्रूजिलो नगर पालिका स्थित एक बागान में हुई। लोक अभियोजक कार्यालय के प्रवक्ता यूरी मोरा के अनुसार, यहां हमलावरों ने 19 मजदूरों की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। यह इलाका दशकों से हिंसक कृषि भूमि विवादों का केंद्र रहा है। गैर-सरकारी संगठन 'ग्लोबल विटनेस' के मुताबिक, पर्यावरण और जमीन की लड़ाई लड़ने वाले कार्यकर्ताओं के लिए होंडुरास दुनिया के सबसे खतरनाक देशों में से एक है।
पुलिस टीम पर घात लगाकर गोलाबारी
दूसरा हमला ग्वाटेमाला सीमा के पास कोर्टेस विभाग के ओमोआ नगर पालिका में हुआ। यहां एक एंटी-गैंग मिशन पर तैनात पुलिस टीम जब राजधानी तेगुसिगाल्पा से लौट रही थी, तब रास्ते में घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में एक वरिष्ठ अधिकारी सहित छह पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- अनोखा सच... सबसे अमीर देश नहीं, बल्कि गरीब अफ्रीकी देश युगांडा में है दुनिया की सबसे महंगी सड़क
राष्ट्रीय पुलिस प्रवक्ता एडगार्डो बारहोना ने बताया कि ट्रूजिलो में शवों को परिजन अपने साथ ले गए हैं, जिससे सटीक संख्या जुटाने में दिक्कत आ रही है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय पुलिस और सशस्त्र बलों को प्रभावित इलाकों में तैनात कर दिया है। विश्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, होंडुरास लंबे समय से ड्रग ट्रैफिकिंग और संगठित गिरोहों के उच्च अपराध दर से जूझ रहा है।