'यह मर्दों वाली बात है', अमेरिका के जॉर्जिया में मेयर ने पूरे पुलिस विभाग को नौकरी से निकाला
अमेरिका के जॉर्जिया के कोहुटा शहर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां मेयर रॉन शिनिक ने पूरे पुलिस विभाग को ही नौकरी से निकाल दिया। उन्होंन ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 09 May 2026 01:25:26 PM (IST)Updated Date: Sat, 09 May 2026 01:25:26 PM (IST)
मेयर ने पूरे पुलिस विभाग को नौकरी से निकालाHighLights
- मेयर ने पूरे पुलिस विभाग को नौकरी से निकाला
- उन्होंने इस कार्रवाई को सामान्य बताया है
- फैसले ने शहर में चर्चा का बाजार गर्म कर दिया
डिजिटल डेस्क। अमेरिका के जॉर्जिया के कोहुटा शहर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां मेयर रॉन शिनिक ने पूरे पुलिस विभाग को ही नौकरी से निकाल दिया। इस सामूहिक बर्खास्तगी की मुख्य वजह मेयर की पत्नी के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियां बताई जा रही हैं। महज 1000 की आबादी वाले इस छोटे से शहर में पुलिस अधिकारियों और मेयर की पत्नी पाम शिनिक के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था।
पाम को पहले शहर की काउंसिल से माहौल खराब करने के आरोप में निकाला जा चुका था, फिर भी वे काउंसिल के कार्यों में दखल देती रहीं। इस खींचतान के बीच जब पुलिस वालों ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ टिप्पणी की, तो मेयर ने कड़ा कदम उठाते हुए पूरे डिपार्टमेंट को ही चलता कर दिया।
मेयर रॉन शिनिक ने इस कार्रवाई की तुलना कॉलेज फुटबॉल से करते हुए इसे एक सामान्य बदलाव बताया। उन्होंने कहा, "यह मर्दों वाली बात है। कभी-कभी टीम का कोच बदलना पड़ता है, जिसे कुछ लोग पसंद करते हैं और कुछ नहीं।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बर्खास्त अधिकारियों को उनकी सैलरी दी जाएगी, लेकिन अब शहर में बदलाव का समय आ गया है।
पुलिस विभाग पर लगा ताला
बुधवार को पुलिस मुख्यालय के दरवाजे पर एक नोटिस चिपका मिला, जिस पर लिखा था कि 'पीडी को भंग कर दिया गया है।' अब शहर की सुरक्षा की जिम्मेदारी डिप्टी संभालेंगे।
शहर में चर्चा का बाजार गर्म
बर्खास्त अधिकारियों ने विभाग का सामान (बंदूकें और अन्य उपकरण) वापस करने से फिलहाल इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि अभी वहां कोई ऐसा कानूनी अधिकारी मौजूद नहीं है जो सामान प्राप्ति की आधिकारिक रसीद दे सके। सुरक्षा कारणों और कानूनी पेचीदगियों के चलते वे इसे तब तक अपने पास रखेंगे जब तक कोई नियुक्त अधिकारी जिम्मेदारी नहीं ले लेता। फिलहाल, इस अजीबोगरीब फैसले ने शहर में चर्चा का बाजार गर्म कर दिया है।