चुन-चुन कर मारे जा रहे भारत के दुश्मन! PoK में मारा गया अल-बद्र का खूंखार कमांडर हमजा, रची थी पुलवामा की साजिश
अरजमंद गुलजार उर्फ हमजा बुरहान की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौत हो गई है। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 21 May 2026 04:52:15 PM (IST)Updated Date: Thu, 21 May 2026 04:52:15 PM (IST)
अल-बद्र का कमांडर हमजा बुरहान PoK में मारा गयाHighLights
- अल-बद्र का कमांडर हमजा बुरहान PoK में मारा गया
- पुलवामा हमले में विस्फोटक जुटाने में थी अहम भूमिका
- कश्मीरी युवाओं की आतंकी भर्ती में भी था सक्रिय
डिजिटल डेस्क। जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल-बद्र के प्रमुख कमांडरों में शामिल अरजमंद गुलजार उर्फ हमजा बुरहान की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौत हो गई है। वह भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था और लंबे समय से पाकिस्तान में रहकर घाटी में आतंक फैलाने की साजिशों को अंजाम दे रहा था।
कहां का रहने वाला था हमजा बुरहान
हमजा बुरहान मूल रूप से दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के रत्नीपुरा इलाके का रहने वाला था। उसके पिता का नाम अहमद डार बताया गया है। जानकारी के मुताबिक, वह करीब सात साल पहले वैध यात्रा दस्तावेजों के जरिए भारत से पाकिस्तान गया था। वहां पहुंचने के बाद वह आतंकी संगठन अल-बद्र से जुड़ गया और कट्टरपंथी गतिविधियों में सक्रिय हो गया।
धीरे-धीरे उसने संगठन में मजबूत पकड़ बना ली और बाद में उसे कमांडर की जिम्मेदारी सौंप दी गई। इसके बाद वह पाकिस्तान और पीओके में बैठकर जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियों को संचालित कर रहा था।
पुलवामा हमले में हाथ
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में सीआरपीएफ काफिले पर हुए आत्मघाती हमले में भी हमजा बुरहान की अहम भूमिका थी। जांच में सामने आया था कि हमले के लिए विस्फोटक और हथियार जुटाने का जिम्मा उसी के पास था। उसने ओवरग्राउंड वर्करों (OGWs) के जरिए आतंकियों तक सामग्री पहुंचाने का काम किया था।
युवाओं को ब्रेनवॉश करने का काम
एजेंसियों का यह भी दावा है कि वह घाटी के युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने और उन्हें आतंकी संगठनों में भर्ती कराने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। स्थानीय युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें आतंकवाद के रास्ते पर ले जाने का नेटवर्क भी वह संचालित करता था।