पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल को लेकर बवाल, भारी विरोध के बाद कीमतों में बड़ी कटौती, अब क्या है नया रेट?
गुरुवार को पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 43% से 55% तक की ऐतिहासिक वृद्धि कर दी थी, जिससे पूरे देश में भारी विरोध प्र ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 04 Apr 2026 11:08:47 AM (IST)Updated Date: Sat, 04 Apr 2026 11:08:47 AM (IST)
पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने पर बवालHighLights
- पाकिस्तान में पेट्रोल का हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला है
- अब भारी विरोध के बाद पेट्रोल की कीमतों में बड़ी कटौती दिखी है
- इसके लिए पाक पीएम ने मिडिल ईस्ट तनाव को ठहराया जिम्मेदार
डिजिटल डेस्क। पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में जारी तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर तेल का संकट गहरा गया है, जिसकी वजह से कई देश परेशान हैं। परेशान होने वालों में पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान का नाम भी शामिल है। गुरुवार को पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 43% से 55% तक की ऐतिहासिक वृद्धि कर दी थी, जिससे पूरे देश में भारी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। जनता के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए सरकार को 24 घंटे के भीतर ही 'यू-टर्न' लेने पर मजबूर होना पड़ा।
पहले की ऐतिहासिक बढ़ोतरी और फिर बड़ी कटौती
शहबाज सरकार ने पहले पेट्रोल की कीमत को बढ़ाकर 458.40 रुपये प्रति लीटर और डीजल को 520.35 रुपये प्रति लीटर तक पहुंचा दिया था। लेकिन शुक्रवार आधी रात को राष्ट्र के नाम संबोधन में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पेट्रोल लेवी (कर) में 80 रुपये प्रति लीटर की कटौती का एलान किया।
इस फैसले के बाद अब पाकिस्तान में पेट्रोल उपभोक्ताओं को 378 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध होगा। प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया है कि कम से कम अगले एक महीने तक इन कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- 458 रुपये लीटर पेट्रोल और डीजल ₹520 के पार, पाकिस्तान में मचा हाहाकार
क्या है फैसले की वजह?
शहबाज शरीफ ने कीमतों में इस अस्थिरता के लिए मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि सरकार आम जनता को राहत देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। डीजल की ऊंची कीमतों के प्रभाव को संतुलित करने के लिए पेट्रोल की लेवी दरों में यह विशेष कटौती की गई है।