
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विदेशों में खूबसूरत वादियों के बीच लॉन्ग ड्राइव पर जाना हर किसी का सपना होता है, लेकिन ट्रैफिक नियमों की एक छोटी सी चूक जेब पर कितनी भारी पड़ सकती है, इसका अंदाजा इस घटना से लगाया जा सकता है। एक भारतीय महिला टूरिस्ट को स्विट्जरलैंड की ट्रिप से वापस घर लौटने के लगभग एक साल बाद ₹1.5 लाख (जुर्माना और प्रशासनिक शुल्क मिलाकर) का एक बड़ा ट्रैफिक चालान मिला है। इस घटना के बाद से ही सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर 'Poan Sapdi' नाम की एक महिला यूजर ने अपना हैरान करने वाला अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि स्विट्जरलैंड की अपनी खूबसूरत छुट्टियां बिताकर लौटने के महीनों बाद उनके घर पोस्ट के जरिए यह भारी-भरकम जुर्माना नोटिस पहुंचा।
"क्या किसी को स्विट्जरलैंड से छुट्टी मनाकर लौटने के बाद ट्रैफिक नियम तोड़ने का जुर्माना मिला है? हमें हमारी यात्रा के लगभग एक साल बाद करीब 1 लाख रुपये (मूल जुर्माना) का चालान मिला है। हम बस यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इसके खिलाफ कानूनी अपील करने, जुर्माना कम करवाने या इसे माफ करवाने का कोई रास्ता है?"
महिला की यह पोस्ट देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और इसे 13 लाख से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। इस पोस्ट पर कमेंट करते हुए दुनिया भर के अनुभवी यात्रियों और सोशल मीडिया यूजर्स ने महिला को तुरंत जुर्माना भरने की सलाह दी है।
कई यूजर्स ने चेतावनी देते हुए बताया कि यूरोपीय देशों (शेंगेन क्षेत्र) में ट्रैफिक नियमों को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जाती। यदि इस जुर्माने को अनदेखा किया गया या भुगतान नहीं किया गया, तो भविष्य में स्विट्जरलैंड समेत पूरे यूरोप का 'शेंगेन वीजा' (Schengen Visa) मिलना नामुमकिन हो सकता है और आपको ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है।
चर्चा के दौरान एक यूजर ने लिखा, "स्विट्जरलैंड में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर माफी मिलना नामुमकिन है। अगर आप जुर्माना देरी से चुकाएंगे, तो इस पर ब्याज और पेनाल्टी बढ़ती जाएगी।" वहीं एक अन्य यूजर ने जर्मनी का अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने भी इसी तरह भारत लौटने के बाद ₹10,000 का चालान भरा था।
कुछ अनुभवी यूजर्स ने यह भी साफ किया कि विदेशों में जब आप कार रेंट (किराए) पर लेते हैं, तो रेंटल कंपनियां बाद में आने वाले चालान के साथ अपनी भारी-भरकम 'एडमिनिस्ट्रेटिव फीस' (प्रशासनिक शुल्क) भी जोड़ देती हैं, जिससे कुल राशि ₹1.5 लाख तक पहुंच गई। हालांकि, अगर जुर्माने की राशि बहुत ज्यादा है, तो स्विस अथॉरिटी से बात करके किश्तों (Installments) में भुगतान का विकल्प लिया जा सकता है।
महिला टूरिस्ट ने अंत में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे कानूनी पचड़े और वीजा की दिक्कतों से बचने के लिए इस जुर्माने का भुगतान जरूर करेंगी, लेकिन वे किश्तों में पेमेंट करने की कोशिश कर रही हैं क्योंकि उन्हें इसकी जानकारी बहुत देर से मिली है।